Newsalert9 (महराजगंज)
संजय की रिपोर्ट
महराजगंज के कोठीभार थाना क्षेत्र में एक दिल दहलाने वाली घटना घटी, जहां एक दंपत्ति अज्ञात वाहन की चपेट में आ गये।इसमे पति गंभीर रूप से घायल हो गया और पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई। यह घटना कोठीभार थाना क्षेत्र के कारीडीहा और बेलभरिया के सिवान स्थित एक पोखरे के करीब हुई।

महराजगंज जनपद के चौक थाना क्षेत्र के खोसटा गाँव निवासी अरुण राज मिश्रा (38) और उनकी पत्नी संजीवनी मिश्रा (35) किसी कार्य से रामकोला गये थे। वृहस्पतिवार को बाइक से घर वापस जा रहे थे जब यह हादसा हुआ। पीछे से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को ठोकर मार दी, जिससे बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई और अरुण राज मिश्रा गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि उनकी पत्नी संजीवनी मिश्रा की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने परिजनों और पुलिस को मोबाइल फोन पर सूचित किया। मौके पर पहुंची कोठीभार पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी हाउस भेज दिया और घायल अरुण राज मिश्रा को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।

इस घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। मृतका संजीवनी मिश्रा के दो बच्चे अनमोल (12) और अनुराग (10) हैं, जो अपनी मां की मौत से बेहद दुखी हैं। अनुराग ने बताया कि जब उसके माता-पिता जा रहे थे, तो वह और उसका भाई जाने की जिद कर रहे थे, लेकिन उसकी मां ने उन्हें घर पर रहने को कहा और कहा कि वह घर वापस आकर ढेर सारी मिठाई और खिलौने लेकर आएंगी, लेकिन उसकी मां घर वापस नहीं आई।
अरुण राज मिश्रा के पिता की मौत 15 वर्ष पहले हो गई थी और उनकी मां की मौत छह माह पहले हुई थी। अब इस मार्ग दुर्घटना में स्वयं अरुण राज मिश्रा घायल हो गए और उनकी पत्नी की मौत हो गई। यह परिवार पहले से ही दुखों से जूझ रहा था और अब यह घटना ने उनके जीवन को और भी कठिन बना दिया है।
महराजगंज से संजय की रिपोर्ट —










