*सेवा, सेवादारों की: पवन दुबे ने प्रस्तुत किया सेवा भाव का अनोखा उदाहरण*

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

Newsalert9 (कुशीनगर)

बाबा की रिपोर्ट

खड्डा तहसील के नौरंगिया ग्रामसभा में समाजसेवी एवं शिक्षाविद् पवन दुबे ने ’सेवा, सेवादारों की’ कार्यक्रम से सेवा भाव का अनुपम उदाहरण प्रस्तुत किया। पवन दूबे अपने अनूठे सेवा कार्यों के कारण इन दिनों न केवल क्षेत्र, बल्कि पूरे जनपद में चर्चा का विषय बने हुए हैं।
रविवार को सरस्वती देवी महाविद्यालय नौरंगिया के परिसर में एक विशेष “सेवा सेवादार सम्मान कार्यक्रम” का भव्य आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम उन सेवादारों को समर्पित रहा, जो शादी-विवाह, तिलक, बहुभोज एवं अन्य मांगलिक आयोजनों में पर्दे के पीछे रहकर अपनी सेवाएं देते हैं, लेकिन जिनका योगदान अक्सर नजरअंदाज कर दिया जाता है।
कार्यक्रम में क्षेत्र के विभिन्न आयोजनों में सेवा देने वाले टेंट कर्मी, लाइट मिस्त्री, बैंड-बाजे से जुड़े कलाकार, रसोई कर्मचारी, बर्तन धोने वाले, सजावट एवं व्यवस्था संभालने वाले सैकड़ों सेवादारों को अतिथि के रूप में आमंत्रित कर सम्मानित किया गया।

पवन दुबे ने कहा कि जब हम किसी मांगलिक कार्यक्रम में जाते हैं तो हमारी आंखें रोशनी से जगमगाते लॉन, भव्य सजावट और स्वादिष्ट व्यंजनों पर टिक जाती हैं, लेकिन उन चेहरों को हम देख नहीं पाते, जो इस चमक-दमक के लिए दिन-रात पसीना बहाते हैं। उन्होंने कहा, “हमें मिठाई का डिब्बा याद रहता है, उसमें कौन-सी मिठाई और नमकीन थी यह भी याद रहता है, लेकिन वह सेवादार याद नहीं रहता जो चुपचाप डिब्बा हमारे सामने रखकर आगे बढ़ जाता है।”

कार्यक्रम के दौरान सेवादारों को अंगवस्त्र, स्मृति चिह्न एवं सम्मान पत्र देकर सम्मानित किया गया। सम्मान पाकर सेवादारों के चेहरे पर खुशी और आत्मसम्मान की झलक साफ दिखाई दी। कई सेवादारों ने मंच से अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि यह उनके जीवन का पहला अवसर है, जब किसी आयोजन में उन्हें श्रमिक नहीं, बल्कि अतिथि के रूप में बैठने और सम्मान पाने का अवसर मिला।

News Alert 9
Author: News Alert 9

और पढ़ें

error: Content is protected !!