Newsalert9 (कुशीनगर)
बाबा की रिपोर्ट —
कुशीनगर जनपद के खडडा क्षेत्र में गंडक नदी के भैसहा घाट पर बनने वाले पक्का पुल की भौतिक स्थिति का निरीक्षण करने के लिए उच्चस्तरीय अभियंताओं की टीम पहुंची। इस दौरान विधायक विवेकानन्द पांडेय की मौजूदगी में पुल के रूपरेखा पर विचार विमर्श किया गया।

पुल निर्माण की रूपरेखा पर विचार विमर्श
मंगलवार को खडडा विधायक विवेकानन्द पांडेय के साथ सेतू निगम, बाढ़ खंड, लोकनिर्माण विभाग के अभियंताओं की टीम जिसमें मैनेजिंग डायरेक्टर मिथिलेश कुमार, अधिशासी अभियन्ता राजेश निगम, सहायक अभियंता अविनाश मिश्रा, विजेंद्र सिंह अभियंता, विवेक कुमार अभियंता आदि की टीम भैसहा घाट पर पहुंची। नदी पर साढे चार किलोमीटर लंबा पुल बनना प्रस्तावित है।
अब साढे चार किलोमीटर लंबा पुल नदी में बनना लगभग तय
अभियंताओं ने गुगल मैप के आधार पर नदी के बीच में पड़ने वाले दियारा पर सड़क बनाने तथा पुल की लंबाई छोटा करने की सोच बनाई थी। परंतु नदी की स्थिति व इसके लगातार बदलने वाली धारा के स्वभाव के चलते यह सोच सही नहीं लगी। अब साढे चार किलोमीटर लंबा पुल नदी में बनना लगभग तय हो गया है।
649 करोड़ की लागत से बनेगा पुल
उल्लेखनीय है कि गंडक नदी के भैसहा घाट पर साढे चार किलोमीटर लंबाई में 649 करोड़ की लागत से पक्का पुल निर्माण होने वाला है। भैसहा गांव के पास छितौनी तटबंध के किलोमीटर 8.800 के पास से इसके बनने पर सहमति बनी है।
विधायक का बयान
विधायक विवेकानन्द पांडेय ने बताया कि संयुक्त टीम लखनऊ से आई थी। पुल निर्माण के क्रम में नदी के बीच के दियारा में सड़क बनाने की योजना को सही नहीं पाया गया है। पहले की योजना के अनुसार साढे चार किलोमीटर लंबा पक्का पुल नदी में बनेगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी महाराज के आशीर्वाद से इस क्षेत्र के लोगों को पुल का तोहफा मिलने जा रहा है।
बाबा की रिपोर्ट —










