Newsalert9 (कुशीनगर)
बाबा की रिपोर्ट —
कुशीनगर जिले के खडडा विकास खंड में एक प्राइवेट पौधशाला ने किसानों को खराब पपीते के पौधे बेचकर उन्हें भारी नुकसान पहुंचाया है। भारतीय किसान संघ ने इस मामले में जिला उद्यान अधिकारी को पत्र लिखकर मुआवजा दिलाने की मांग की है।
*किसानों ने बताया अपना दर्द*
भारतीय किसान संघ के जिलाध्यक्ष आनंद कुमार तिवारी ने बताया कि खडडा विकास खंड के किसान पवन पांडेय, धर्मेंद्र जायसवाल, हृदयानंद तिवारी, नंदू जायसवाल, राधेश्याम साहनी आदि ने क्षेत्र के एक पौधशाला से पपीते का पौधा खरीदा था। पौधशाला के मालिक ने अच्छे किस्म का होने और भरपूर फल देने का भरोसा दिया था। किसानों ने पूरी मेहनत और लागत लगाकर पौधों की देखभाल की, लेकिन जब फल का समय आया तो 98 प्रतिशत पौधों में फल नहीं लगा। इससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।
*मुआवजा दिलाने की मांग*
भारतीय किसान संघ के जिलाध्यक्ष ने जिला उद्यान अधिकारी से मांग की है कि पीड़ित किसानों को पौधशाला के मालिक से मुआवजा दिलाया जाए।










