जिलाधिकारी ने किया आकस्मिक निरीक्षण, गैरहाजिर अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्पष्टीकरण जारी करने के निर्देश

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

Newsalert9 (कुशीनगर)

बाबा की रिपोर्ट –

जिलाधिकारी विशाल भारद्वाज ने सोमवार प्रातः 10.15 बजे उप निबंधक कार्यालय सदर, तहसील सदर (पडरौना) तथा विकास भवन स्थित विभिन्न कार्यालयों का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कार्यालयों में अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति पंजिका, विभिन्न पटलों, अभिलेखों के रख रखाव का उचित प्रबन्धन, परिसर एवं कार्यालयों की सफाई व्यवस्था, अग्निशमन तथा अग्नि सुरक्षा के दृष्टिगत व्यवस्था का स्थलीय निरीक्षण किया गया।

उपनिबंधक कार्यालय सदर पडरौना में उप निबंधक अजय कुमार सिंह समेत निबंधक सहायक राकेश कुमार पांडेय, अमर्त्य श्रीवास्तव अनुपस्थित एवं परिचारी सदानंद चौबे उपस्थित मिले। साथ ही 4 ऑपरेटर भी उपस्थित मिले। तहसील कार्यालय सदर के निरीक्षण के क्रम में तहसीलदार पूर्णिमा सिंह, नायब तहसीलदार अंजू यादव सहित नायब नाजिर शिवनाथ प्रसाद, ए डब्लू बी एन अशोक कुमार भारती, आर.के. राजेंद्र चौबे, अरविंद यादव, राज कुमार सिंह (आर के दफ्तर) अनुपस्थित तथा नायब तहसीलदार विशाल दत्त त्रिपाठी, डब्लू बी एन देवेंद्र प्रताप उपस्थित मिलें।

जिलाधिकारी ने समस्त कार्यालयों में फायर सेफ्टी नॉर्म्स का अनुपालन करने, अभिलेखों का समुचित रख रखाव करने, निष्प्रयोज्य वस्तुओं को हटाने, खराब पड़े प्रिंटर को ठीक कराने, उत्तम साफ सफाई व्यवस्था रखने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी द्वारा समस्त पटलों के निरीक्षण के उपरांत कार्यालयों के अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि नियमित अंतराल पर सभी पटलों का निरीक्षण करें एवं किसी भी पटल पर कोई पत्रावली समयावधि के उपरांत लंबित न रहें। साथ ही समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी अपने अपने कार्यालयों में ससमय उपस्थित रहकर दैनिक कार्यों को संपादित करें।

निरीक्षण के दौरान गैरहाजिर 5 अधिकारियों एवं 15 कर्मचारियों का स्पष्टीकरण जारी करने तथा स्पष्टीकरण प्राप्त होने तक वेतन रोकने के निर्देश जिलाधिकारी द्वारा दिए गए।

बाबा की रिपोर्ट —

News Alert 9
Author: News Alert 9

और पढ़ें

error: Content is protected !!