संघर्ष से शिक्षा तक: सलहंती ने शिक्षा के माध्यम से किए सकारात्मक बदलाव

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

Newsalert9 (कुशीनगर)

बाबा की रिपोर्ट
कुशीनगर जिले के खडडा तहसील क्षेत्र में स्थित रायपुर भैसही एक ऐसा गाँव है, जहाँ शिक्षा का अभाव बच्चों के लिए एक बड़ी चुनौती बनी हुई है। इस गाँव की निवासी सलहंती साहनी ने अपने जीवन में कठिन परिस्थितियों का सामना कर शिक्षा के महत्व को समझा और अपने गाँव में इसे बढ़ावा देने का संकल्प लिया।

सलहंती ने बहुत छोटी उम्र में ही अपने पिता  मोहनलाल  को खो दिया, जिसके बाद उनके परिवार को गहरी आर्थिक तंगी में डाल दिया। उनकी माँ ने तीन छोटे बच्चों का पालन-पोषण करने के लिए सरकारी विद्यालय में खाना बनाने का काम शुरू किया। उसी सरकारी विद्यालय में सलहंती और उनके भाई-बहन ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा ली।

सलहंती ने अपनी माता के संघर्ष को देख कर ठान लिया कि वे अपनी पढ़ाई पूरी लगन और निष्ठा के साथ पूरी करेंगी। शिक्षा के प्रति उनका दृढ़ संकल्प उन्हें हमेशा ही कठिनाइयों से लड़ने की शक्ति देता रहा। शिक्षा के प्रति सलहंती की लगन ने उन्हें एजुकेट गर्ल्स संस्था से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।

संस्था के साथ काम करते हुए सलहंती ने गाँव के उन घरों तक पहुँच बनाई, जहाँ शिक्षा का अभाव था, खासकर बालिका शिक्षा की कमी थी। उन्होंने घर-घर जाकर परिवारों को प्रेरित किया और उन्हें शिक्षा के महत्व के बारे में समझाया। उन्होंने मोहल्ला बैठकों का आयोजन कर गाँव के लोगों को जागरूक किया और उन्हें शिक्षा के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने के लिए प्रेरित किया।

सलहंती ने अपनी पढ़ाई जारी रखते हुए, एजुकेट गर्ल्स संस्था द्वारा आयोजित एक महीने के ‘जनरल ड्यूटी असिस्टेंस’ कौशलता कोर्स को पूरा किया। इसके बाद, उन्होंने अपने नजदीकी अस्पताल में एक महीने का स्वास्थ्य प्रशिक्षण लिया, जिससे उन्हें बुनियादी स्वास्थ्य जानकारी और कौशल प्राप्त हुआ।

सलहंती ने अपनी समझदारी और मेहनत से न केवल अपने घर की परिस्थितियों को संभाला, बल्कि पूरे गाँव में एक पढ़ी-लिखी बेटी के रूप में मिसाल भी कायम की। उनके प्रयासों ने गाँव के अन्य लोगों को भी बालिकाओं की शिक्षा के लिए प्रेरित किया और शिक्षा के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में मदद की, जो कि निरंतर रूप से जारी है।

बाबा की रिपोर्ट —

News Alert 9
Author: News Alert 9

और पढ़ें

Buzz Open / Ai Website / Ai Tool
error: Content is protected !!